गिरफ्तार नक्सली नेताओं ने कहा, जिंदा है किशनजी
पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के प्रमुख राजीव कुमार ने बताया, "भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के राज्य समिति का सचिव सुदीप चोंगदर ऊर्फ कंचन ने पूछताछ में खुलासा किया कि कोटेश्वर राव ऊर्फ किशनजी जीवित और स्वस्थ है।"
कुमार ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार राज्य समित के अन्य सदस्यों ने भी किशनजी के जीवित होने की पुष्टि की।
अधिकारी ने कहा, "पश्चिमी मिदनापुर के हाथीलोत के जंगलों में गत 25 मार्च को सुंयक्त बलों के साथ हुए मुठभेड़ में किशनजी के घायल होने से कंचन ने इंकार किया। कंचन के मुताबिक किशनजी इस समय छत्तीसगढ़ के दंडकारण्य में पिछले 15 दिनों से है। वह यहां एक बैठक में हिस्सा लेने गया है।"
गिरफ्तार नक्सली सदस्यों के इन खुलासों की पुलिस जांच करने वाली है। पुलिस ने बताया कि सदस्य पुलिस जांच में सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "जब तक हम उनके अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार नहीं कर लेते और उनके छिपने की जगहों तक नहीं पहुंच जाते तब तक हम उनके बयानों की पुष्टि नहीं कर सकते।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications