रूस विमान हादसा : मृतकों में दागेस्तानी राष्ट्रपति का भाई भी
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक दागेस्तान एयरलाइन्स के ट्यूपेलोव-154 विमान के उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तीनों इंजन बंद हो गए थे। इसकी वजह से विमान को दोमोदेदोवो हवाईअड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया। हवाईपट्टी पर उतरते समय विमान का संतुलन बिगड़ गया। जमीन से टकराने से विमान के तीन टुकड़े हो गए। रूस के आपात स्थिति मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 87 घायल हो गए। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है।
रूस की समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार दागेस्तान सरकार के सूत्रों के मुताबिक विमान में दागेस्तान के राष्ट्रपति के भाई गाजीमुराद मागोमेदोव भी सवार थे। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई।
मंत्रालय ने कहा कि विमान में 160 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य मौजूद थे। इससे पहले की खबरों में यात्रियों की संख्या 155 बताई गई थी।
स्थानीय समाचार एजेंसी 'इंटरफैक्स' के मुताबिक सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण विमान में बिजली आपूर्ति बंद होने को माना जा रहा है। सूत्रों ने कहा, "विमान के इंजन एक के बाद एक बंद हो गए थे और जनरेटर झटके लेने लगा था। विमान में बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी।"दागेस्तान एयरलाइन्स ने आतंकवादी हमले की आशंका से इंकार किया है।
गौरतलब है कि अप्रैल में सोमलेंस्क में दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान भी इसी मॉडल का था जिसमें पोलैंड के राष्ट्रपति और उनके 90 अधिकारियों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications