इजरायल में लगी आग को बुझाने के प्रयास जारी
तेल अवीव/हाइफा, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। इजरायल के हाइफा इलाके में कारमेल की पहाड़ियों में लगी भीषण आग के कारण वहां के कुछ स्थानों से हटाए गए लोगों को शनिवार को वापस लौटने की अनुमति दे दी गई। उधर अग्निशमन अधिकारियों का कहना है कि आग पर अभी पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पुलिस ने हालांकि दो संदिग्ध लोगों को लापरवाही बरतने के लिए गिरफ्तार किया है।
हाइफा इलाके के कारमेल की पहाड़ियों में लगी आग से अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है। आग के कारण आस-पास के इलाके का वातावरण काफी गर्म हो गया है। आग के कारण 17,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आग के कारण पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी इलाके के पांच स्थानों से हटाए गए लोगों को शनिवार दोपहर वापस लौटने की अनुमति दी गई थी। इसका मतलब यह नहीं है कि आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
प्रवक्ता मिकी रोसनफील्ड ने कहा कि हालांकि अभी तक सुधार के संकेत नहीं मिले हैं।
अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता बोएज आर्किया ने कहा कि उम्मीद है कि सोमवार तक आग पर काबू पा लिया जाएगा।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार रात एक संवाददाता सम्मेलन में उन देशों को धन्यवाद दिया जिन्होंने संकट की इस घड़ी में उनका साथ दिया और हर तरह की सहायता उपलब्ध कराई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications