बर्फ ढके पब में हफ्ते से फंसे हैं 7 ब्रिटिश
समाचार पत्र 'डेली मेल' के अनुसार उत्तरी यॉर्कशायर में 'द लायन इन ब्लैकी रिज' में पांच कर्मचारी और दो अन्य लोग गत 26 नवम्बर से फंसे हुए हैं। भारी बर्फबारी से पब के दरवाजे और खिड़कियां बंद हैं।
इतनी भारी बर्फबारी हुई है कि वाहन भी पूरी तरह से उसी के तले दब गए हैं। विपरीत हालात के बावजूद पब में फंसे लोगों के हौसले में कमी नहीं आई है और वे खाने-पीने और गेम्स का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
18 वर्षीय वेट्रेस कैटी अंडरवुड ने कहा, "यह एक बढ़िया अनुभव है और हम लोग बेहद खुश हैं। भारी बर्फ जमी हुई है और अधिकतर खिड़कियां बंद हैं। लेकिन जरूरत होने पर हवा लेने के लिए हम लोग पिछला दरवाजा खोल लेते हैं।"
कैटी का कहना है कि खुशकिस्मती से वहां खाने-पीने की पर्याप्त वस्तुएं और सोने की जगह है। उनका कहना है कि उन लोगों को अपेक्षा नहीं थी कि यह सब इतना लम्बा खिंचेगा।
उनकी परेशानी जल्द दूर होने के आसार नहीं है क्योंकि मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अभी तापमान में और भी गिरावट आएगी जिससे ब्रिटेन तथा यूरोप के अन्य हिस्सों में हवाई एवं रेल यातायात बाधित होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications