धौला कुआं दुष्कर्म मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को पत्रकारों को बताया, "दिल्ली पुलिस की एक टीम ने हरियाणा में फतेहपुर बेरी से इकबाल उर्फ बड़ा बिल्ली को गिरफ्तार किया।"
पुलिस के अनुसार बीपीओ कर्मी के साथ दुष्कर्म मामले में इस हफ्ते के आरम्भ में हरियाणा के मेवात से दो आरोपियों शमशाद और उस्मान को गिरफ्तार किया गया था। तीसरे आरोपी शाहिद ने किसी अन्य मामले में फरीदाबाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। बाद में पता चला कि धौला कुआं दुष्कर्म मामले में भी वह शामिल रहा है।
अधिकारी ने बताया, "इकबाल की गिरफ्तारी के साथ इस दुष्कर्म मामले में शामिल पांच आरोपियों में से चार गिरफ्तार हो चुके हैं। अब हम फरार एक अन्य आरोपी की तलाश में हैं।"
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) सहित पड़ोसी राज्यों में फरार आरोपी की तलाश अभियान जारी है।
गौरतलब है कि 24 नवम्बर को मिजोरम की रहने वाली एक बीपीओकर्मी के साथ पांच लोगों ने दुष्कर्म किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications