बग़दाद में ईरानी तीर्थयात्री मारे गए

करबला में दो महीने पहले ज़ोरदार कार बम धमाका हुआ था जिसमें शिया तीर्थयात्री मारे गए थे
बग़दाद में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों में 13 लोग मारे गए हैं जिनमें से कम से कम छह ईरानी नागरिक हैं जो वह तीर्थयात्रा के लिए आए थे.
पुलिस का कहना है कि पाँच ईरानी नागरिक दो बम धमाकों में मारे गए, ये धमाके शिया तीर्थ कदीमिया में उन घरों में हुए जहाँ ये लोग ठहरे थे.
उत्तरी शुला ज़िले में विस्फोटकों से लदी एक कार ने तीर्थयात्रियों से भरी एक बस को टक्कर मार दी जिसमें दो लोग मारे गए.
एक अन्य स्थान पर हुए कार बम के एक और धमाके में छह लोग मारे गए हैं, इस तरह तीन घटनाओं में मरने वाले लोगों की संख्या 13 हो गई है, इन तीनों घटनाओं में कुल मिलाकर 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
जानकारों का कहना है कि पिछले कुछ समय से बग़दाद में विस्फोट की घटनाओं में कमी आई है लेकिन इस तरह की घटनाएँ बीच बीच में होती रहती हैं.
ऐसा दिख रहा है कि शिया तीर्थयात्रियों की जानबूझकर निशाना बनाया गया है इसलिए समझा जा रहा है कि इन हमलों के पीछे सुन्नी गुटों का हाथ हो सकता है.
कदीमिया में मूसा अल कदीम की दरगाह पर हर साल हज़ारों तीर्थयात्री ईरान से आते हैं. शियाओं के लिए पवित्रतम माने जाने वाले शहरों नजफ़ और करबला में भी इस तरह की कई घटनाएँ हो चुकी हैं.


Click it and Unblock the Notifications