बातचीत से मतभेद सुलझाएं उत्तर और दक्षिण कोरिया : भारत
नई दिल्ली, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारत ने शुक्रवार को उत्तर और दक्षिण कोरिया को एक दूसरे से बातचीत करने की वकालत की। भारत ने 'परिपक्वता और धैर्य' का प्रदर्शन करने पर सियोल की प्रशंसा भी की।
विदेश मामलों के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा, "सरकार योंगप्यांग द्वीप पर हुए तोपों से हमलों के बाद कोरियाई प्रायद्वीप में हो रही गतिविधियों पर बारीकी से नजर बनाए हुए है। इस हमले में मारे गए लोगों से हमें दुख पहुंचा है।"
उन्होंने कहा, "भारत का मानना है कि दोनों देश बातचीत के जरिए अपने मतभेदों को दूर कर सकते हैं, इसका समाधान बलपूर्वक नहीं होना चाहिए।"
कोरियाई प्रायद्वीप में स्थिति को संभालने में अपनी परिपक्वता और धैर्य का परिचय देने पर भारत ने सियोल की प्रशंसा की।
भारत का यह बयान दक्षिण कोरिया की शुक्रवार को दी गई धमकी के बाद आया है जिसमें उसने कहा है कि यदि उत्तर कोरिया फिर से उकसावे की कार्रवाई करता है तो वह उस पर हवाई हमला करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications