सर्व शिक्षा अभियान शिक्षा के प्रसार का मुख्य साधन : सिब्बल
नई दिल्ली, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने शुक्रवार को कहा कि सर्व शिक्षा अभियान शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू करने में मुख्य साधन साबित होगा।
राज्यसभा में एक प्रश्न का लिखित उत्तर देते हुए उन्होंने कहा, "शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू करने में संशोधित सर्व शिक्षा अभियान कार्यक्रम मुख्य साधन है।"
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली अप्रैल से वजूद में आया यह अधिनियम 2011 से लागू होगा।
सिब्बल ने कहा, "केंद्र सरकार ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू करने के उद्देश्य से सर्व शिक्षा अभियान कार्यक्रम के मानकों में संशोधन किया है। संशोधित मानकों में छात्र-शिक्षक अनुपात अधिदेश के मुताबिक शिक्षकों की व्यवस्था का प्रावधान है। सरकार ने कोष साझेदारी के स्वरूप में भी संशोधन किया है। संशोधित सर्व शिक्षा अभियान कार्यक्रम लागू करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से धन मुहैया कराने का अनुपात 65: 35 तय किया है।"
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए कोष को बढ़ाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications