महिला सुरक्षा पर दीक्षित से मिले पूर्वोत्तर के कार्यकर्ता
दीक्षित ने कहा कि वह इस सिलसिले में पूर्वोत्तर के सांसदों के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगी। उन्होंने कहा कि वह सांसदों के साथ महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष इकाई और एक हेल्पलाइन नंबर के मुद्दे पर चर्चा करेंगी।
यह बैठक राजधानी में कुछ दिनों पहले मिजोरम की एक बीपीओकर्मी के साथ हुए सामूहिक बलात्कार के बाद हुई है। इस मामले में पांच आरोपियों में से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने शेष तीन आरोपियों की पहचान कर ली है।
'द नार्थइस्ट सपोर्ट सेंटर एंड हेल्पलाइन' के संस्थापक अलाना गोलनेई ने बताया, "मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में हमारे अलावा दक्षिणी क्षेत्र के संयुक्त पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक के साथ पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे।"
उन्होंने कहा, "बैठक में कर्मचारियों के अपने घर पहुंचने के बाद बीपीओ को सूचित करने, कॉलोनियों में प्रकाश की व्यवस्था, सार्वजनिक जगहों पर महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों वाले स्टिकरों का चस्पा करने के साथ ही असुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में पुलिस की गश्ती बढ़ाने पर सहमति बनी।"
गोलनेई ने कहा, "सामूहिक बलात्कार मामले में पीड़िता की दोस्त की बातों को पुलिस समझ नहीं सकी। इसकी वजह से काफी समय बर्बाद हो गया। इसलिए हमने पुलिस को अंग्रेजी का प्रशिक्षण देने की सलाह दी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications