मीरवाइज से मिला सांसदों व समाजसेवियों का प्रतिनिधिमंडल
प्रतिनिधिमंडल में अन्य सांसदों के अलावा सांसद रामविलास पासवान, डी. राजा, नागेश्वर राव एवं प्रमुख नागरिकों में पत्रकार सीमा मुस्तफा, फिल्म निर्माता महेश भट्ट तथा अन्य शुक्रवार को 'तथ्यों की खोज अभियान' के सिलसिले में घाटी पहुंचे।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के नेता डी. राजा ने संवाददाताओं से कहा, "हम यहां तथ्यों का पता लगाने के सिवा किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं आए हैं। हम कुछ अलगाववादी राजनीतिज्ञों, स्थानीय नागरिकों और मुख्यधारा के राजनेताओं से मिले।"
श्रीनगर में 11 जून को आंसू गैस के गोले छोड़ जाने से जिस 11 वर्षीय किशोर तुफैल मट्टो की मौत हुई थी, उसके पिता से मिलने के बाद डी. राजा ने कहा, "हम अन्य लोगों से आज और कल मिलेंगे। हम अपने लिए तथ्यों का पता लगाना चाहते हैं। यहां से लौटने पर इन तथ्यों को हम सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत कर सकते हैं।"
शुक्रवार की शाम आजादी समर्थक जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के अध्यक्ष मुहम्मद यासीन मलिक ने मैसूमा इलाके में स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों के सम्मान में भोज दिया।
कश्मीर दौरे की समाप्ति से पहले प्रतिनिधिमंडल के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात करने की संभावना है।
शनिवार को मीरवाइज के नेतृत्व वाले हुर्रियत समूह की इकाई पीपुल्स कान्फ्रेंस के नेता बिलाल गनी लोन ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को भोज दिया।
यह प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली स्थित नीति विश्लेषण कें द्र (सीपीए) की ओर से कश्मीर दौरे पर आया है। इसमें सात राजनीतिक दलों तथा तीन सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता रामविलास पासवान तथा सीपीआई के नेता डी. राजा तीन दिवसीय दौरे पर यहां शुक्रवार को पहुंचे।
प्रतिनिधिमंडल में लोजपा के शोऐब इकबाल, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के गोपाल चौधरी, तेलुगू देशम पार्टी के नामा नागेश्वर राव, जनता दल (सेक्युलर) के दानिश अली, जनता दल (युनाइटेड) के महेश्वर हजारी, राष्ट्रीय लोक दल के शाहिद सिद्दीकी, फिल्मकार महेश भट्ट, पत्रकार सीमा मुस्तफा और शिक्षाविद् कमल चिनॉय शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़पों के दौरान घाटी में 11 जून से लेकर अब तक 110 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications