'पाकिस्तानी साइबर आर्मी' ने हैक की सीबीआई की वेबसाइट (लीड-1)
नई दिल्ली, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की वेबसाइट को 'पाकिस्तानी साइबर आर्मी' नामक एक संगठन ने शुक्रवार रात हैक कर दिया। इस संगठन ने नेशनल इंफार्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) की वेबसाइट भी हैक करने का दावा किया है।
देश की शीर्ष जांच एजेंसी ने इस बात की पुष्टि की है कि वेबसाइट को हैक किया गया है लेकिन अभी यह नहीं मालूम चल पाया है कि इस साइबर हमले के पीछे किसका हाथ है।
सीबीआई के एक अधिकारी ने शनिवार को आईएएनएस को बताया, "हमारी वेबसाइट शुक्रवार रात को अज्ञात हैकरों द्वारा हैक की गई थी। उन्होंने वेबसाइट पर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' का नारा पोस्ट किया था। हमारी वेबसाइट के साथ हालांकि ऐसा नहीं होता है लेकिन अब इस तरह की घटना सामने आई है। इस मामले को लेकर अगले कुछ घंटों में बैठक आयोजित होगी जिसमें कार्रवाई करने के बारे फैसला किया जाएगा।"
वेबसाइट पर जारी संदेश में लिखा था, " 'इंडियन साइबर आर्मी' द्वारा पाकिस्तानी वेबसाइट को हैक करने के जवाब के तौर पर इस वेबसाइट को हैक किया गया है। हमने आप से पहले भी कहा था..हम सो रहे हैं लेकिन मरे नहीं हैं।"
इस संगठन ने यह भी दावा किया है कि उसने एनआईसी की वेबसाइट को भी हैक किया था। हैकरों ने संदेश के आखिर में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' लिखा है।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के मुताबिक शुक्रवार को भारत की 200 वेबसाइटों को हैक किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications