विस्फोट से थार एक्सप्रेस पटरी से उतरी
कराची, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर के निकट शनिवार तड़के रेल पटरी पर विस्फोट होने से राजस्थान जाने वाली थार एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। यह रेलगाड़ी कराची से राजस्थान जा रही थी।
स्थानीय समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक थार एक्सप्रेस में 155 यात्री सवार थे, जिसमें 50 भारतीय शामिल थे। कराची से लगभग 67 किलोमीटर दूर धाबेजी के निकट रेलवे पटरी पर विस्फोट होने के बाद रेलगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए।
पाकिस्तान के रेल विभाग के मुताबिक रेल पटरी की मरम्मत के बाद रेल सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है। थार एक्सप्रेस 11.55 बजे रात को कराची से चली थी। यह रेलगाड़ी एक घंटा देरी से चल रही थी और यह राजस्थान में भगत की कोठी जाने वाली थी।
विस्फोट के बाद बचाव दल, रेलवे और पुलिस अधिकारी घटनास्थल का मुआयना किया। अधिकारियों के मुताबिक थार एक्सप्रेस को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह विस्फोट किया गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications