सीबीआई की वेबसाइट हैक
नई दिल्ली, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। देश की शीर्ष जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को उस समय काफी शर्मिदगी उठानी पड़ी जब कथित तौर पर एक 'पाकिस्तानी साइबर आर्मी' समूह ने उसकी वेबसाइट को शुक्रवार रात हैक कर दिया।
इस संगठन ने नेशनल इंफार्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) की वेबसाइट को भी हैक करने का दावा किया है। शनिवार सुबह वेबसाइट पर एक संदेश जारी किया गया था जिसमें देश की इस शीर्ष जांच एजेंसी का काफी मजाक उड़ाया गया था।
वेबसाइट पर जारी संदेश में लिखा था, " 'भारतीय साइबर आर्मी' द्वारा पाकिस्तानी वेबसाइट को हैक करने के जवाब के तौर पर इस वेबसाइट को हैक किया गया है। हमने आप से पहले भी कहा था..हम सो रहे हैं लेकिन मरे नहीं हैं।"
इस संगठन ने यह भी दावा किया है कि उसने एनआईसी की वेबसाइट को भी हैक किया था। कथित पाकिस्तानी हैकरों ने सीबीआई की वेबसाइट पर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे भी लिखे थे।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के मुताबिक शुक्रवार को भारत की 200 वेबसाइटों को हैक किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications