सरकोजी का भारत दौरा शनिवार से
बेंगलुरू, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी आधिकारिक चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत शनिवार को बेंगलुरू से करेंगे। सरकोजी के इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान रक्षा, परमाणु समझौता, टिकाऊ विकास और संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सार्थक बातचीत होने की उम्मीद है।
सरकोजी पत्नी कार्ला ब्रूनी और उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के अलावा सात प्रमुख मंत्रियों के साथ सुबह करीब 10 बजे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) स्थित हवाई अड्डे पर उतरेंगे।
सरकोजी की यात्रा के दौरान भारतीय वायु सेना और नौ सेना के लिए हथियारों की खरीद मुख्य मुद्दा होगा। नई दिल्ली में दोनों देशों के बीच वार्ता के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा व्यापार और अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक बातचीत होने की उम्मीद है।
सरकोजी चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत शनिवार को बेंगलुरू में स्थित भारतीय अंतरिक्ष शोध संस्थान के दौरे के साथ करेंगे। सरकोजी यहां भारत-फ्रांस के बीच मौसम और उपग्रह से जुड़े मुद्दे पर भाषण देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications