'मिस ग्रेट ब्रिटेन' प्रतिस्पर्धा में उतर सकेंगी एकल माताएं
पहले के नियम के मुताबिक इस प्रतिस्पर्धा में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों का अविवाहित होना तो आवश्यक था ही, साथ ही एकल माताओं को भी इसमें प्रवेश की इजाजत नहीं थी।
समाचार पत्र 'द सन' के मुताबिक अब 'मिस ग्रेट ब्रिटेन' प्रतिस्पर्धा के इतिहास में पहली बार एकल माताओं को भी हिस्सा लेने की इजाजत होगी।
बाईस वर्षीय कॉरीनी ली जब 19 वर्ष की थीं तभी वह गर्भवती हो गई थीं। अब उनका बेटा होप 21 माह का है। बाद में उन्होंने 'मिस लिंकन' का खिताब तो जीता था लेकिन बच्चा होने की वजह से उनका 'मिस इंग्लैंड' बनने का ख्वाब चकनाचूर हो गया था।
कॉरीनी कहती हैं कि पहले जो नियम था उसकी वजह से उन्हें इस प्रतिस्पर्धा से बाहर कर दिया गया था लेकिन अब नियम बदलने के बाद उनके पास 'मिस इंग्लैंड' बनने के लिए एक और अवसर है। वह मानती हैं कि एक मां के रूप में उनके अनुभवों ने उन्हें इस प्रतिस्पर्धा के लिए और भी मजबूत दावेदार बना दिया है।
पच्चीस वर्षीय लुइस कैरोल ने जब 'मिस ग्लासगो' का खिताब जीता तो वह इस प्रतिस्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली एकल मां थीं। वह 18 महीने पहले अपनी बेटी मिया को जन्म देने के बाद प्रसव के बाद होने वाले अवसाद से छुटकारे के लिए इस प्रतिस्पर्धा को बेहतर विकल्प मान रही थीं।
वह कहती हैं कि इस प्रतिस्पर्धा में माताओं को शामिल होने की अनुमति मिलना अद्भुत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications