सोमवार को सफदरजंग अस्पताल पहुंचेंगी ब्रूनी
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एम.के. मोहंती ने शनिवार को आईएएनएस को बताया, "फ्रांसीसी राष्ट्रपति की पत्नी अस्पताल का दौरा करना चाहती हैं। हम फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल के साथ एक बैठक कर रहे हैं और इस समय उनकी इस योजना की विस्तृत जानकारी देना मुश्किल है।"
ब्रूनी जिनेवा स्थित 'ग्लोबल फंड टू फाइट एड्स, ट्यूबरकुलोसिस एंड मलेरिया' की सद्भावना दूत भी हैं। वह अस्पताल के 'एंटी-रिट्रोवायरल थैरेपी' (एआरटी) केंद्र और 'आउट-पेशेंट्स डिपार्टमेंट' (ओपीडी) का दौरा करेंगी और चिकित्सकों व एचआईवी संक्रमित मरीजों से मुलाकात करेंगी।
इस दौरे के दौरान अस्पताल अधिकारी मीडिया को अस्पताल परिसर से दूर रहने के लिए कह सकते हैं।
भारत में एचआईवी-एड्स की रोकथाम और नियंत्रण के लिए नीतियां व कार्यक्रम बनाने वाला राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) ब्रूनी के दौरे के लिए फ्रांसीसी दूतावास के साथ सहयोग कर रहा है।
ब्रूनी दक्षिण दिल्ली के पूर्वी कैलाश स्थित नाज फाउंडेशन द्वारा संचालित एचआईवी संक्रमित बच्चों के अनाथालय भी पहुंचेंगी।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी और कार्ला ब्रूनी भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शनिवार को ही बेंगलुरू हवाईअड्डा पहुंचे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications