तीन सप्ताह की गिरावट के बाद सेंसेक्स 830 अंक बढ़ा (साप्ताहिक समीक्षा)
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक इस सप्ताह 830.32 अंक (4.34 प्रतिशत) बढ़कर 19,966.93 अंक पर बंद हुआ। पिछले चार सप्ताह में सेंसेक्स में पहली बार साप्ताहिक तेजी दर्ज की गई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी करीब चार प्रतिशत बढ़कर 5,992.8 अंक पर बंद हुआ।
कई दिनों तक घोटालों के खुलासों से सहमा बाजार बेहतर आर्थिक विकास के आंकड़ों के चलते इस सप्ताह पटरी पर लौट आया।
वर्ष 2010-11 की दूसरी तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर 8.9 प्रतिशत रही है जो कि सरकार के इस तिमाही के लिए 8.5 प्रतिशत विकास दर के अनुमान से ज्यादा है।
केंद्रीय वित्त मंत्रालय के मुख्य आर्थिक सलाहकार कौशिक बसु ने कहा, "विकास दर ने न सिर्फ बाजार के अनुमान को पीछे छोड़ा है बल्कि यह हमारी उम्मीद से भी आगे रही है। तीसरी तिमाही में हम इससे बेहतर विकास दर की उम्मीद कर रहे हैं।"
पहली तिमाही में देश की विकास दर 8.8 प्रतिशत रही थी।
उम्मीद से बेहतर विकास दर के आंकड़ों पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा कि पूरे साल के लिए विकास दर बजटीय अनुमान 8.5 प्रतिशत के मुकाबले 8.75 प्रतिशत से ज्यादा रह सकती है।
आर्थिक विकास के इन आंकड़ों के बाद बाजार ने बेहद सकारात्मक रुख दिखाया। सकल घरेलू उत्पाद के आंकड़े जारी होने के एक दिन बाद प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी करीब दो-दो प्रतिशत बढ़ गए।
इस सप्ताह सेंसेक्स पांच में से चार दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। शुक्रवार को ऊपरी स्तर पर हल्की मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स 25.77 अंक गिरकर 19,966.93 अंक पर बंद हुआ।
इस सप्ताह भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने मुरली इंडस्ट्रीज, आकृति सिटी, वेल्सपन कार्पोरेशन, ब्रसमान इंडिया और इनके प्रमोटरों पर शेयरों के दाम चढ़ाकर गलत तरीके से मुनाफा कमाने के आरोप में रोक लगा दी। सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन इस खबर के चलते बाजार का रुख नकारात्मक रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications