भारत के साथ मजबूत कारोबारी रिश्ते चाहता है
कोलकाता, 4 दिसम्बर (आईएएनएस)। बेल्जियम ने भारत के साथ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), जवाहरात और गहने, नवीन ऊर्जा स्रोत और शिक्षा के क्षेत्र में कारोबारी रिश्ते और मजबूत करने की इच्छा जताई है।
बेल्जियम के राजदूत जीन एम. डिबॉटी ने एक संवाददाता सम्मेलन में शुक्रवार को यह मंशा जाहिर करते हुए कहा कि बेल्जियम की करीब 180 कम्पनियां भारत में कारोबार कर रही हैं। इसी तरह भारत की वीडियोकॉन, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक सहित कई कम्पनियां बेल्जियम में कारोबार कर रही हैं।
हालांकि सम्मेलन के बाद संवाददाताओं को दी गई प्रकाशित सामग्री में भारत में बेल्जियम की कम्पनियों की संख्या 60 से अधिक बताई गई।
उन्होंने दोनों देशों के बीच छात्रों के आदान प्रदान कार्यक्रम शुरू करने का भी सुझाव दिया और कहा कि इससे दोनों देशों को फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि भारत और बेल्जियम के बीच मुक्त व्यापार समझौता होने से दोनों देशों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने दूसरी तिमाही में भारत के 8.9 फीसदी विकास दर हासिल करने की सराहना की और कहा कि बेल्जियम यदि इस कारोबारी साल में दो फीसदी का लक्ष्य हासिल करता है, तो यह हमारे देश में संतोषजनक माना जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications