'करज़ई कमज़ोर और भ्रमित नेता'

'करज़ई कमज़ोर और भ्रमित नेता'

विकीलीक्स में करज़ई से संबंधित दस्तावेज़ जारी किए हैं

विकीलीक्स के ताज़ा दस्तावेज़ों के अनुसार अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी राजदूत हामिद करज़ई को ‘कमज़ोर’ नेता मानते थे जो अपनी सोच में ‘अतार्किक और भ्रमित’ हैं.

अमरीकी राजदूत कार्ल आईकेनबेरी ने कूटनीतिक संदेशों में कहा है कि देश निर्माण के मूल दिशा निर्देशों को समझने में करज़ई ‘अक्षम’ हैं.

इन संदेशों में अफ़ग़ानिस्तान में भ्रष्टाचार पर भी गहरी चिंता जताई गई है.

जुलाई 2009 से जुड़े ये दस्तावेज़ गार्डियन अख़बार ने छापे हैं. इनमें आईकेनबेरी कहते हैं कि करज़ई के साथ पिछली चार बैठकें सदभावनापूर्ण रहीं लेकिन वे अमरीका-अफ़ग़ानिस्तान संबंधों को लेकर चिंतित हैं.

दस्तावेज़ों के मुताबिक आईकेनबेरी राष्ट्रपति करज़ई के कुछ विचारों को लेकर परेशान हैं ..जैसे करज़ई की ये सोच कि सितंबर 2009 में हुए संसदीय चुनाव में अमरीका और ईरान दोनों विरोधी उम्मीदवारों का समर्थन कर रहे थे.

संदेशों में आईकनबेर कहते हैं, “करज़ई के मानो दो चेहरे हैं- एक व्यक्ति कमज़ोर और भ्रमित है जबकि दूसरा चेहरा ऐसे व्यक्ति का है जो शातिर राजनेता है जो ख़ुद को देश के हीरो के तौर पर देखता है और अफ़ग़ानिस्तान को बिखरने से बचा सकता है. करज़ई के साथ रिश्ते को दोबारा ढालने के लिए हमें उनके दोनों चेहरों से निपटना होगा.”

भ्रष्टाचार पर चिंता

इसी तरह फ़रवरी 2010 के संदेशों में अफ़ग़ान वित्त मंत्री उमर ज़ाख़ीवाल और अमरीकी राजदूत की मुलाक़ात का उल्लेख है जिसमें अफ़ग़ान वित्त मंत्री राष्ट्रपति करज़ई को कमज़ोर व्यक्ति करार देते हैं जो ऐसी रिपोर्टों पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं कि उनके ख़िलाफ़ साज़िश रची जा रही है.

वहीं 2008 के एक संदेश में तत्कालीन ब्रितानी कॉन्ज़रवेटिव पार्टी नेता डेविड कैमरन कहते हैं कि करज़ई का प्रभावक्षेत्र लगातार घटता जा रहा है.

भ्रष्टाचार के आरोपों के सिलसिले में दस्तावेज़ों में करज़ई के सौतेले भाई अहमद वली करज़ई का नाम भी है जिन्हें अमरीकी राजदूत भ्रष्ट और मादक पदार्थों का तस्करी करने वाले मानते हैं.

अक्तूबर 2009 के संदेश में सलाह दी गई है कि चूँकि अहमद वली करज़ई की छवि अच्छी नहीं है इसलिए बड़ी परियोजनाओं के लिए उनकी अनुशंसाओं पर सोच समझकर ही फ़ैसला लिया जाए.

एक अन्य संदेश में आईकेनबेरी विश्वसनीय सूत्रों का हवाला देते हुए कहते हैं कि गज़नी में कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं जिसमें कथित तौर पर सार्वजनिक पैसे का गबन और मानवीय सहायता राशि में धाँधली शामिल है.

विकीलीक्स के मुताबिक संदेशों में बताया गया है कि अफ़ग़ानिस्तान से पैसा बाहर भेजा रहा है- जुलाई और अगस्त 2009 के बीच 19 करोड़ डॉलर काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के ज़रिए बाहर ले जाया गया.

अमरीकी राजदूत ये भी बताते हैं कि अफ़ग़ान उपराष्ट्रपति अहमद ज़िया मसूद दुबई में पाँच करोड़ बीस लाख डॉलर लेकर पहुँचे थे जिसके बाद उनसे पूछताछ भी की गई थी. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया और पैसे भी उन्हें दे दिए गए.

करज़ई को लेकर अमरीकी राजदूत आईकेनबेरी की आलोचनात्मक सोच पहले भी सामने आ चुकी है जब पिछले नवंबर प्रेस को एक संदेश लीक हो गया था.

इसमें उन्होंने इस फ़ैसले का विरोध किया था कि अफ़ग़ानिस्तान में हज़ारों अतिरिक्त सैनिक भेजे जाएँ.

राजदूत का कहना था कि अतिरिक्त सैनिक भेजने से पहले करज़ई सरकार को ये साबित करना चाहिए वो सक्षम है और भ्रष्टाचार से निपटने की इच्छाशक्ति रखती है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+