मप्र में उच्च शिक्षा में फर्जीवाड़ा, 49 संस्थान पकड़े
भोपाल, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जमकर फर्जीवाड़ा हो रहा है, इस बात का खुलासा विभाग द्वारा चलाई गई मुहिम से हुआ है। अब तक 49 ऐसे शिक्षण संस्थाओं का पता चला है जो नियम के विरुद्ध चल रहे हैं। इन संस्थानों के खिलाफ थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
प्रदेश में लंबे अरसे से डिग्री बांटने के लिए किस तरह का गोरखधंधा चल रहा है, इसका खुलासा विभाग की छापामार कार्रवाई से हुआ है।
छापामार कार्रवाई चौथे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को सात और ऐसे संस्थानों का पता चला जो तमाम नियम-कायदों को ताक पर रखकर चल रहे हैं। इस तरह प्रदेश में अब तक 49 ऐसे निजी शिक्षण संस्थाओं का पता चला है जो विश्वविद्यालयों की मान्यता तथा संबद्धता के बगैर चल रहे हैं।
मालूम हो कि पिछले दिनों उच्च शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा को शिकायत मिली थी कि प्रदेश में उच्च शिक्षा के कई ऐसे संस्थान चल रहे हैं, जो नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इन शिकायतों के आधार पर मंत्री शर्मा ने उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त प्रभांशु कमल के साथ मिलकर रणनीति बनाई गई। इस रणनीति के मुताबिक विभााग के दस्ते बनाकर दबिश दी गई।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि जिन शिक्षण संस्थाओं में गड़बड़ियां पकड़ी गई हैं, उनके खिलाफ थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। उच्च शिक्षा में होने वाली गड़बड़ियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications