उप्र में छात्र की पीटकर हत्या (लीड-1)
पुलिस के मुताबिक घटना जिले के बरहद थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव की है, जहां गुरुवार को मोटरसाइकिल सवार रिंकू पाठक ने अपने दो साथियों के साथ नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान उमाशंकर राजभर की गोली मारकर हत्या कर दी।
बरहद थाना-प्रभारी अनिल तिवारी ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि वे तीनों कथित तौर पर हत्या करके मोटरसाइकिल से भाग रहे थे, तभी उसमें कुछ खराबी आ गई और पीछा कर रही भीड़ ने रिंकू को उसके एक साथी के साथ पकड़ लिया, जबकि एक अन्य फरार हो गया।
तिवारी के मुताबिक भीड़ ने पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले पाठक और उसके साथी की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे पाठक की मौत हो गई। वह स्थानीय राष्ट्रीय इंटर कॉलेज जमुहाई में 12वीं का छात्र था। उसकी उम्र 18 साल के आस-पास है।
पुलिस का कहना है कि पिटाई के बाद गंभीर रूप से घायल पाठक के साथी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
तिवारी ने कहा कि जानकारी मिली है कि पाठक और अन्य दोनों साथी रिश्तेदार थे। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेकर पीटकर हत्या करने वाले अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना में शामिल रहे ग्रामीणों की पहचान की जा रही है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications