स्कूल में वितरित दवाई खाने से 70 छात्र बीमार !
बबीबा क्षेत्र के दुर्गापुर प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार दोपहर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्यकर्मियों ने स्कूल के लगभग सौ छात्रों को आयरन की गोलियां और पेट के कीड़े को मारने वाली दवा खिलाई।
जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी डी.पी. कौशिक ने संवाददाताओं को बताया कि दवा खाने के बाद कुछ छात्रों ने पहले पेट दर्द की शिकायत की। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ अन्य छात्रों को दोपहर का खाना खाने के बाद उल्टियां होने लगीं। उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया।
कौशिक ने कहा कि बीमार बच्चों में कक्षा एक से लेकर पांच तक के 70 छात्र शामिल हैं। सभी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। सभी छात्रों की हालत खतरे से बाहर है।
उधर, जिलाधिकारी राजशेखर ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। यह पूछे जाने पर कि घटना की क्या वजह हो सकती है, कौशिक ने आईएएनएस से कहा कि सही कारण तो जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन ऐसा लग रहा है कि आयरन की गोलियों में कुछ गड़बड़ी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications