सांसदों व सामाजिक कार्यकर्ताओं का दल कश्मीर पहुंचा
प्रतिनिधिमंडल में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी.राजा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के गोपाल चौधरी, तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के नमो नागेश्वर राव, जनता दल (सेक्युलर) के दानिश अली और फिल्मकार महेश भट्ट के साथ ही पत्रकार सीमा मुस्तफा शामिल हैं।
यह प्रतिनिधिमंडल कट्टरपंथी अलगाववादी नेता सैयद अली गिलानी, नरमपंथी हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारुख, डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी के अध्यक्ष शब्बीर शाह, जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के अध्यक्ष मुहम्मद यासीन मलिक और पीपुल्स डेमोकेट्रिक पार्टी (पीडीपी) के अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती से मुलाकात कर सकता है।
यह प्रतिनिधिमंडल 11 जून से शुरू हुई हिंसा में मारे गए युवकों के परिजनों, स्थानीय युवकों और अल्पसंख्यक कश्मीरी पंडितों के अलावा अन्य लोगों से भी मुलाकात करेगा।
सीमा मुस्तफा ने यहां एक स्थानीय अखबार को बताया, "हम घाटी में अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए आवश्यक कदम उठाने हेतु संसदीय और सामाजिक स्तर पर दबाव बनाएंगे।"
मुस्तफा ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गैर राजनीतिक वार्ताकारों की नियुक्ति निराशाजनक थी और आज जरूरत उन लोगों को शामिल करने की है, जो यहां आपसी दूरियां पाट सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications