असांजे पत्रकार नहीं, राजनीतिज्ञ हैं : अमेरिका
वाशिंगटन, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश विभाग ने कहा है कि विकिलीक्स के संस्थापक जुलियन असांजे पत्रकार नहीं, बल्कि राजनीतिक व्यक्ति हैं और उन्होंने दुनिया भर की समस्याओं को सुलझाने वाले प्रयासों को विफल कर, अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति को कमजोर करने का निश्चय कर लिया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार विदेश विभाग के प्रवक्ता पी.जे. क्राउले ने गुरुवार को कहा, "वह पत्रकार नहीं हैं। वह कोई मुखबिर नहीं हैं। वह एक राजनीतिक व्यक्ति हैं। उनका अपना एक राजनीतिक एजेंडा है।"
क्राउले ने कहा, "वह उस अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके तहत हम अन्य सरकारों के साथ सहयोग और साझेदारी करने, बहुपक्षीय व्यवस्था में काम करने तथा द्विपक्षीय आधार पर क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों को हल करने में मदद कर पाने में सक्षम हुए हैं।"
ज्ञात हो कि विकिलीक्स ढाई लाख से अधिक गोपनीय अमेरिकी राजनयिक संदेशों को सार्वजनिक करने की प्रक्रिया में है। इनमें से अधिकांश संदेश पिछले कई वर्षो के दौरान अन्य देशों के साथ हुई बातचीत पर केंद्रित हैं। अमेरिका ने विकिलीक्स के इस कदम की कटु आलोचना की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications