अमेरिका में 3 पाकिस्तानी आतंकियों की सम्पत्तियां जब्त
वाशिंगटन, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका ने लश्कर-ए-झांग्वी और जैश-ए-मोहम्मद से सम्बद्ध अति वांछित तीन पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिए हैं। इन आतंकियों को भारत, अफगानिस्तान व पाकिस्तान में हमले करने के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
अमेरिकी वित्त विभाग ने जिन तीन आतंकियों को गुरुवार को प्रतिबंधित किया, उनमें लश्कर-ए-झांग्वी का वरिष्ठ नेता अमानुल्ला अफरीदी और मुख्य सामरिक कमांडर मतिउर रहमान और जैश-ए-मोहम्मद का वरिष्ठ नेता अब्दुल रऊफ अजहर शामिल है।
आतंकवाद और वित्तीय खुफिया विभाग में उप मंत्री स्टुअर्ट लेवी ने कहा, "आज की कार्रवाई पाकिस्तान, अफगानिस्तान और भारत में बेगुनाह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने के लिए जिम्मेदार रहे दो आतंकी संगठनों के खिलाफ है। तीनों आतंकी इन खतरनाक आतंकी संगठनों के लिए आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने या फिर उनका नेतृत्व करने में सक्रियरूप से शामिल रहे हैं।"
गुरुवार की कार्रवाई के तहत तीनों आतंकियों की अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में जो भी सम्पतियां होंगी, वह जब्त कर दी गई हैं और कोई भी अमेरिकी नागरिक इनके साथ किसी तरह का आदान-प्रदान नहीं कर सकता।
संयुक्त राष्ट्र की 1267 समिति और विदेश विभाग ने 2001 में पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद को विदेशी आतंकी संगठन (एफटीओ) करार दिया था। उस पर भारत और अफगानिस्तान में हमले करने का आरोप है।
अमेरिकी विभाग ने कहा है कि जैश के वरिष्ठ नेता के रूप में अजहर ने पाकिस्तानियों से आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के लिए कहा है।
विभाग ने कहा है, "वह 2007 में जैश-ए-मोहम्मद के एक सक्रिय नेता के रूप में, भारत में उसके एक अति वरिष्ठ कमांडर के रूप में और जैश-ए-मोहम्मद के खुफिया समन्वयक के रूप में काम कर चुका है।"
विभाग ने कहा है, "2008 में अजहर को भारत में आत्मघाती हमले करवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। वह संगठन की राजनीतिक शाखा से भी जुड़ा था और उसने जेईएम के प्रशिक्षण शिविरों में एक अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दी थी।"
संयुक्त राष्ट्र 1267 समिति और विदेश विभाग ने 2003 में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-झाांग्वी को भी एफटीओ की श्रेणी में शामिल कर दिया था। यह संगठन जनवरी 2002 में अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल के अपहरण और उनकी हत्या करने के लिए जिम्मेदार रहा है।
विभाग ने कहा है कि एलजे प्रमुख अफरीदी ने कई वर्षो तक एलजे की आतंकी गतिविधियों को निर्देशित करने में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
पाकिस्तान का अति वांछित आतंकी मतिउर रहमान एलजे का मुख्य सामरिक कमांडर है और वह अलकायदा के लिए भी काम कर चुका है।
अमेरिकी विभाग ने कहा है, "सितम्बर 2009 में उसकी पहचान अलकायदा के योजना निदेशक के रूप में हुई थी और वह अगस्त 2006 में अमेरिका जाने वाले ब्रिटिश विमान को नष्ट करने की साजिश से सम्बद्ध था। एलजे के नेता के रूप में रहमान कई सारी आतंकी गतिविधियों में लिप्त रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications