सरकोजी की यात्रा में रक्षा और परमाणु मुद्दे होंगे अहम
सरकोजी के साथ एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के अलावा सात प्रमुख मंत्री भी उनके साथ भारत जा रहे हैं। इस दौरान वह भारत के चार शहरों का दौरा करेंगे।
भारत के चार दिवसीय दौरे के दौरान उनकी पत्नी और मशहूर मॉडल कार्ला ब्रूनी भी उनके साथ होंगी।
सरकोजी के साथ जा रहे प्रमुख मंत्रियों में रक्षा मंत्री एलैन जुपे, विदेश मंत्री मिशेल एलियट मैरी, वित्त मंत्री क्रिस्टिन लागार्दे, पर्यावरण, परिवहन एवं आवास मंत्री के अलावा उच्च शिक्षा एवं शोध मंत्री भी उनके साथ होंगे। सरकोजी के साथ कृषि मंत्री ब्रूनो ला मैरे और संस्कृति मंत्री फ्रेडेरिक मिटररैंड भी आ रहे हैं।
सरकोजी की यात्रा के दौरान भारतीय वायु सेना और नौ सेना के लिए हथियारों की खरीद मुख्य मुद्दा होगा। नई दिल्ली में दोनों देशों के बीच वार्ता के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा व्यापार और अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक बातचीत होने की उम्मीद है।
सरकोजी चार दिवसीय यात्रा की शुरुआत शनिवार को बेंगलुरू में स्थित भारतीय अंतरिक्ष शोध संस्थान के दौरे के साथ करेंगे। सरकोजी यहां भारत-फ्रांस के बीच मौसम और उपग्रह से जुड़े मुद्दे पर भाषण देंगे।
फ्रांस के राष्ट्रपति पत्नी कार्ला ब्रूनी के साथ पांच दिसम्बर को आगरा के ताजमहल का दौरा करेंगे और उसके बाद नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा अपने आवास पर दिए गए निजी भोज में शामिल होंगे।
सरकोजी छह दिसम्बर को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मिलेंगे। सरकोजी भारत स्थित फ्रांसीसी दूतावास में एक समारोह में भी शामिल होंगे।
सरकोजी सात दिसम्बर को नई दिल्ली से मुम्बई के लिए रवाना होंगे जहां वह 26/11 आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications