इजरायल की अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से सहायता की अपील
जेरुसलम, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। इजरायल ने गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से आग बुझाने में मदद करने की अपील की है। देश के तटीय शहर हाइफा के पर्वतीय क्षेत्र में लगी भीषण आग में अभी तक कम से कम 40 लोगों की मौत हो चुकी है।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार देर रात साइप्रस, ग्रीस, इटली और रूस से आग बुझाने के लिए अपने विमान भेजने की अपील की। आग पर काबू पाने के लिए खासतौर पर बनाए गए विमान इजरायल के पास नहीं हैं।
ग्रीस और साइप्रस ने हालांकि नेतन्याहू की इस अपील के बाद सहायता करने का भरोसा दिया है। ये दोनों देश जल्द ही अपने विमान इजरायल के लिए रवाना करेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह भीषण आग इजरायल के तटीय शहर हाइफा के पर्वतीय क्षेत्र कारमेल में गुरुवार तड़के लगी। आग की विभिषका को देखते हुए अधिकारियों ने आस-पास के इलाके को खाली कराना शुरू कर दिया है। आग काफी तेजी से फैल रही है।
अधिकारियों के मुताबिक आग की वजह से अब तक कम से कम 40 लोग मारे गए हैं।
नेतन्याहू ने मारे गए लोगों के प्रति दुख प्रकट करते हुए अपने एक संदेश में कहा, "हमें इस तबाही से सबक सीखना होगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए तैयार रहना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications