'विकिलीक्स ने पाकिस्तानी नेताओं की संकीर्णता उजागर की'
इस्लामाबाद, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। एक प्रमुख पाकिस्तानी दैनिक ने कहा है कि विकिलीक्स के खुलासे ने पाकिस्तान के कई सारे राष्ट्रीय नेताओं की संकीर्णता उजागर कर दी है। अखबार ने कहा है अमेरिकी संदेशों से "पूरी तरह सीख लेने की जरूरत है।"
समाचार पत्र 'डॉन' ने शुक्रवार को अपने सम्पादकीय में लिखा, "दुनिया को शायद इससे पहले देशों के बीच कूटनीति की आड़ में हुई इस तरह की गैरकानूनी सौदेबाजियों व छल-कपट के बारे में कभी भी इतनी बड़ी मात्रा में सबूत नहीं उपलब्ध कराए गए थे।"
'डॉन' ने लिखा है कि विकिलीक्स के खुलासे से जो सबसे महत्वपूर्ण सीख लेने की जरूरत है, वह यह कि राज्यों और सरकारों को यह नहीं समझना चाहिए कि उनकी गोपनीय बातें हमेशा उनके नियंत्रण बनी रहेंगी।
अखबार ने लिखा है, "विकिलीक्स के खुलासे से हुए विभिन्न राजनीतिक नेताओं की घबराहट से बिल्कुल स्पष्ट हो जाना चाहिए कि किसी न किसी रूप में सच्चाई सामने आ ही जाएगी। और आज के आधुनिक तकनीकी युग में सच्चाई अपेक्षाकृत जल्द ही सामने आ जाएगी।"
'डान' ने लिखा है कि "पाकिस्तान में विकिलीक्स के खुलासे ने राजनीतिक और सैन्य हल्कों में व्यापक रूप से खलबली मचा रखी है, ऐसे में पाकिस्तान को इससे पूरी तरह सीख लेनी चाहिए।"
सम्पादकीय में लिखा है, "लीक हुए संदेशों में राष्ट्रीय नेताओं ने एक-दूसरे के बारे में जिस तरह की बातें कही हैं, उससे उनकी संकीर्णता उजागर हो गई है।"
डान ने कहा है, "अधिक निराशाजनक बात शायद यह है कि लीक हुए संदेशों में पाकिस्तान के कई राजनेता और सैन्य अधिकारी अमेरिकी राजदूत को वाइसरॉय मानते हुए प्रतीत होते हैं, जिनसे घरेलू चिंताओं के लिए अपील की जानी चाहिए। अन्य खुलासों ने देश के घोषित आतंक विरोध और सैन्य रणनीति पर एक नया आलोक डाला है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications