इजरायल में आग पर काबू पाने के प्रयास जारी (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक आग के कारण सैकड़ो एकड़ जंगली भूमि नष्ट हो गई है। इजरायल के तटीय शहर हाइफा के पूर्व में स्थित कारमेल पहाड़ी क्षेत्र में भड़की इस आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
प्रभावित क्षेत्र में तेज हवाएं लपटों को पश्चिमी दिशा की ओर ले जा रही हैं और इसी बीच अग्निशमन दल के कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।
अग्निशमन और बचाव दल के प्रमुख ने संवाददाताओं को बताया कि आग को बुझाने में 100 दमकल वाहनों और चार विमानों को लगाया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक आग से निपटने के लिए विदेशों से भी जहाज रामात अवीव सैन्य हवाईअड्डे पर पहुंच रहे हैं। ग्रीस और बुल्गारिया के दो जहाज पहले ही यहां पहुंच चुके हैं। तुर्की, साइप्रस और स्पेन सहित लगभग 20 देशों के जहाजों के भी जल्द ही इजरायल पहुंचने की संभावना है।
ब्रिटेन, रूस, मिस्र, अजरबैजान, रोमानिया, जॉर्डन और अमेरिका से भी आग बुझाने वाले उपकरण और अतिरिक्त सहायता पहुंचने वाली है।
आग के कारण मरने वाले 40 लोगों में 36 लोग पुलिसकर्मी शामिल हैं, जिन्हें आग लगने के बाद एक जेल से कैदियों को बचाने के लिए भेजा गया था। बाकी चार लोगों में दो पुलिस अधिकारी, एक स्वयंसेवी और एक नागरिक शामिल हैं। हाइफा के पुलिस प्रमुख को भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार देर रात को घटनास्थल के दौरे के समय कहा, "यह त्रासदी है। इस प्रकार की तबाही के बारे में अब तक हमें पता नहीं था।"
हाइफा अग्निशमन दल के प्रवक्ता ने कहा, "हमने आग पर से अपना नियंत्रण खो दिया है।" वहीं सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री ने कहा कि आग बुझने के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी आग के कारण मरने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications