डाक विभाग ने अहिल्या बाई को मल्हार राव की पुत्री बताया!
पूर्व केंद्रीय संचार राज्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ सांसद सुमित्रा महाजन ने गुरुवार को केंद्रीय संचार राज्यमंत्री गुरुदास कामत से मुलाकात कर डाक टिकट की विवरणिका में हुई त्रुटि की ओर उनका ध्यान आकृष्ट किया तथा इस पर अपनी आपत्ति तथा रोष प्रकट किया।
महाजन ने कामत के साथ बातचीत के दौरान भारतीय डाक विभाग द्वारा छह अक्टूबर को जारी इंडिपेक्स 2011, भारतीय डाक टिकट राजसी राज्य का हवाला देते हुए कहा कि डाक टिकट की विवरणिका में तथ्यात्मक भूल की गई है। उन्होंने ऐतिहासिक दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि अहिल्या बाई को मल्हार राव की पुत्री बताया गया है, लेकिन सत्य यह है कि वह मल्हार राव की पुत्रवधू थीं।
उन्होंने कहा कि अहिल्या बाई चौण्डी (अहमदनगर) के माणकोजी शिंदे की पुत्री थीं और उनका विवाह मल्हार राव के पुत्र खण्डे राव से हुआ था।
महाजन ने कहा कि डाक विभाग द्वारा तत्कालीन संचार मंत्री डा. शंकर दयाल शर्मा ने 4 सितम्बर, 1975 को देवी अहिल्या बाई की स्मृति में डाक टिकट जारी किया था। इसी तरह का एक और डाक टिकट अहिल्या बाई की 200वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में जारी किया गया था। इन दोनों अवसरों पर अहिल्या बाई के जीवन पर विवरणिका भी जारी की गई थी जो डाक विभाग के पास उपलब्ध है, इसके बावजूद इस वर्ष जारी की गई विवरणिका में भूल की गई है।
इंदौर से सांसद सुमित्रा महाजन ने कहा कि विवरणिका में इंदौर राज्य के संदर्भ में भी कई त्रुटियां हैं। उन्होंने इस सम्बंध में भी विस्तृत ब्योरा कामत के समक्ष रखा तथा मामले की जांच एवं दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications