आंध्र में मंत्री के इस्तीफे के बाद संकट गहराया
मध्यरात्रि को हुए घटनाक्रम में वट्टी वसंत कुमार ने मंत्री पद एवं विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह कदम मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी द्वारा उन्हें पर्यटन मंत्रालय का कार्यभार सौंपे जाने के चंद घंटे बाद हुआ। वह वाई.एस. राजशेखर रेड्डी और के. रोसैया मंत्रिमंडलों में ग्रामीण विकास मंत्री थे।
के.वैंकेट रेड्डी ने भी अपने समर्थकों से कह दिया है कि मनचाहा विभाग न मिलने की वजह से वह भी इस्तीफा दे देंगे। उन्हें बुनियादी ढांचा एवं निवेश मंत्रालय दिया गया है जबकि वह पहले सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री थे।
मंत्रियों के विभागों की घोषणा बुधवार रात नौ बजे की गई थी जबकि करीब 12 घंटे पूर्व ही नए मंत्रिमंडल के 39 सदस्यों को शपथ दिलाई गई थी।
नए मंत्रिमंडल में शामिल किए गए सदस्यों में से धर्मना प्रसाद राव, बोत्सा सत्यनारायण, पून्नाला लक्ष्मीनारायण, जे.कृष्ण राव, दामोदर राजनरसिम्हां और कान्ना लक्ष्मीनारायणा जैसे कई वरिष्ठ सदस्य सौंपे गए विभागों से नाखुश हैं।
वरिष्ठ मंत्रियों के एक समूह का मानना है कि किरण कुमार ने 10 प्रमुख विभाग सौंपकर रेड्डी समुदाय का अनुचित पक्ष लिया है। कांग्रेस के दलित विधायक भी नाखुश हैं। वे तेलंगाना से किसी दलित को उप मुख्यमंत्री बनाने का वादा पूरा न करने की वजह से किरण कुमार से नाराज हैं।
हैदराबाद के मुकेश गौड़ और डी. नागेंद्र भी नाखुश हैं और उन्होंने भावी कार्रवाई तय करने के लिए गुपचुप बैठक की है। उन दोनों के ही गुरुवार को सांय 4.30 बजे होने वाली नए मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में हिस्सा लेने की सम्भावना नहीं है।
करीब 10 विधायकों ने आगे की कार्रवाई तय करने के लिए दामोदर राजनरसिम्हा के आवास पर बैठक की है। राजनरसिम्हा को उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications