आंध्र में असंतोष से जगन खेमें में बढ़ी सरगर्मी
बताया जा रहा है कि जगन एक नई पार्टी शुरू करने के लिए अपने विश्वस्त सहयोगियों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं।
जगन के करीबियों ने बताया कि आंध्र प्रदेश के एक मंत्री के इस्तीफे के बाद वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रदेश के लगभग 10 और मंत्री नाराज चल रहे हैं। उधर केंद्रीय नेताओं की घोषणा के बावजूद तेलंगाना क्षेत्र से किसी के उपमुख्य मंत्री के लिए नाम की घोषणा नहीं होने के कारण तेलंगाना के कांग्रेसी नेता भी नाराज चल रहे हैं।
जगन ने गुरुवार को कडप्पा क्षेत्र से लौटने के बाद ही सहयोगियों से सलाह मशविरा शुरू कर दी। बड़ी संख्या में उनके समर्थक उनके बंजारा हिल्स स्थित आवास के बाहर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री और विधायक पी. सुभाषचंद्र बोस और कोडा सुरेखा, विधायक मेकापट्टी चंद्रशेखरा रेड्डी पूर्व सांसद भूमांगी रेड्डी और पूर्व तेलगू देशम पार्टी नेता और अभिनेत्री रोजा ने जगन से फोन पर बात की है।
कडप्पाा क्षेत्र से सांसद रहे जगन ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी और संसद सदस्यता से इस आरोप के साथ त्यागपत्र दे दिया कि कांग्रेस उनके चाचा वाई. एस. विवेकानंदा रेड्डी को मंत्री पद देकर उनके परिवार में फूट डालने की कोशिश कर रही है।
जगन के सहयोगियों ने संकेत दिया है कि जल्दी ही जगन एक नई पार्टी की घोषणा कर सकते हैं।
एक सहयोगी अम्बाती रामबाबू ने कहा कि पार्टी का नाम, आदि तय करने से पहले सहयोगियों से चर्चा की जाएगी।
जगन के सहयोगियों का 30 विधायकों के समर्थन का दावा है। लेकिन उनका कहना है कि जगन कांग्रेस की सरकार को गिराने में दिलचस्पी नहीं लेंगे, क्योंकि आंध्र में उनके पिता ने ही कांग्रेस को सत्ता में लाया है।
वे नई पार्टी के साथ अगले चुनाव को लक्ष्य बना सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications