गलत रिपोर्टिग के आरोप से मुक्त हुए 2 कश्मीरी पत्रकार
श्रीनगर, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने गलत रिपोर्टिग को लेकर दो कश्मीरी पत्रकारों के खिलाफ दर्ज आपराधिक साजिश रचने के मामले को वापस ले लिया है।
उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक निजी समाचार चैनल 'न्यूज एक्स' में काम करने वाले सुहैल बुखारी और इदरीस लोन के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने का मामला पांच महीने पहले दर्ज किया गया था। यह साबित होने के बाद कि दोनों किसी तरह की आपराधिक गतिविधि की साजिश रचने में शामिल नहीं हैं, पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज मामला वापस ले लिया।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में गत जुलाई में एक युवक की मौत के मामले में गलत खबर चलाने के लिए दोनों पत्रकारों पर यह मामला दर्ज किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक उक्त खबर चैनल पर चलने के बाद पुलवामा जिले में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुआ था और गुस्साई भीड़ ने स्थानीय पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया था।
सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों ने प्राथमिकी में से पत्रकारों का नाम हटाने का निर्देश दिया है और इस मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी रखने के लिए कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications