मुंडा ने अब तक नहीं दिया लोकसभा से इस्तीफा
रांची, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखण्ड के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अर्जुन मुंडा ने राज्य की कमान संभालने के लगभग तीन महीने बाद भी लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है।
मुंडा 11 दिसम्बर को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में तीन महीने पूरे करेंगे। जमशेदपुर सीट से सांसद मुंडा को मुख्यमंत्री बनने के छह महीने के भीतर विधानसभा की सदस्यता प्राप्त करनी होगी।
नई दिल्ली रवाना होने से पहले मुंडा ने रांची में बुधवार को कहा, "मैं संसद सत्र में भाग लेने जा रहा हूं। वहां गुरुवार को सांसदों की सामूहिक फोटो सत्र होने वाला है और उसमें मैं शरीक रहूंगा।"
इस बीच भाजपा विधायक मंगल सिंह सॉय ने मंगलवार को खरसावा सीट से इस्तीफा दे दिया। सॉय ने यह सीट मुंडा के विधानसभा सदस्य चुने जाने के लिए खाली की है।
उधर, राज्य के विपक्षी दल मुख्यमंत्री मुंडा से लोकसभा की सदस्यता छोड़ने तथा विधानसभा चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं।
झारखण्ड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के वरिष्ठ नेता प्रदीप यादव ने संवाददाताओं से कहा, "मुंडा का इस्तीफा चुनाव आयोग को जमशेदपुर में उपचुनाव कराने में मदद देगा और साथ ही खरसावा सीट पर भी विधानसभा का उपचुनाव हो सकेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications