विकिलीक्स खुलासा : पाकिस्तान ने इजरायल को दी खुफिया सूचनाएं
वाशिंगटन, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और इजरायल के बीच किसी तरह के कूटनीतिक संबंध नहीं हैं लेकिन मुंबई में 26/11 के आतंकवादी हमले के एक साल बाद पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ने इजरायल को भारत में यहूदी और इजरायली ठिकानों पर संभावित हमले के संबंध में खुफिया जानकारियां दी थीं।
विकिलीक्स वेबसाइट द्वारा जारी अमेरिका के गोपनीय कूटनीतिक दस्तावेजों से यह खुलासा हुआ है।
पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी 'इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस' (आईएसआई) के प्रमुख अहमद शुजा पाशा ने अमेरिकी राजदूत ऐन पैटरसन से कहा था कि उन्होंने इजरायल को भारत में इजरायली ठिकानों पर संभावित आतंकी हमलों के संबंध में खुफिया जानकारियां दी हैं। विकिलीक्स द्वारा जारी किए गए सात अक्टूबर 2009 के अमेरिकी गोपनीय दस्तावेज से यह जानकारी सामने आई है।
पाशा ने कहा कि भारत में विभिन्न ठिकानों पर संभावित हमले की सूचनाओं की जांच करने के लिए वह ओमान और ईरान गए थे।
दस्तावेज में कहा गया, "पाशा ने राजदूत से कहा कि वह अमेरिकी सरकार को यह जानकारी दे दें कि आतंकवादी सितम्बर-नवम्बर के बीच भारत में हमला कर सकते हैं। वह भारत में इजरायली ठिकानों पर सम्भावित हमले की आशंका के सम्बंध में इजरायल के सीधे संपर्क में थे।"
यह दस्तावेज लिखे जाने से कुछ सप्ताह पहले ही इजरायल के आतंक निरोधी ब्यूरो ने भारत में इजरायली ठिकानों पर हमले की आशंका के चलते यात्रा सम्बंधी सलाह जारी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications