बीपीओकर्मी दुष्कर्म मामले में 2 गिरफ्तार, 1 ने आत्मसमर्पण किया (लीड-1)
नई दिल्ली, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली के धौला कुआं क्षेत्र में पिछले सप्ताह एक बीपीओकर्मी के साथ दुष्कर्म मामले के पांच आरोपियों में से दो की गिरफ्तारी हो गई है जबकि एक तीसरे आरोपी ने हरियाणा में आत्मसमर्पण कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) एच.जी.एस. धालीवाल ने गुरुवार को बताया, "पांच संदिग्धों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमें पता चला है कि एक आदमी ने हरियाणा की एक अदालत में आत्मसमर्पण किया है। हमें दो अन्य आरोपियों की तलाश है।"
पुलिस ने हरियाणा के मेवात जिले से बुधवार रात शमशाद और उस्मान को गिरफ्तार किया। दोनों की ही उम्र 20 साल के आसपास है। उनके एक साथी ने बल्लभगढ़ अदालत में गुरुवार को आत्मसमर्पण कर दिया। तीसरे व्यक्ति को गाय की हत्या के मामले में दो दिन पहले बंद किया गया था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है और वे पूर्व में भी सामूहिक दुष्कर्म के मामलों में शामिल रहे हैं।
गौरतलब है कि 23 नवंबर को मिजोरम की बीपीओकर्मी का पांच लोगों ने अपहरण कर उसके साथ एक वाहन में सामूहिक बलात्कार किया था।
पुलिस का कहना है कि मामले में छानबीन जारी है। आरोपियों के स्कैच तैयार किए गए हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों को पहचानने की कोशिश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications