बिहार चुनाव : लालू ने नतीजों को रहस्यमय बताया, पासवान हैरान (लीड-1)
लालू प्रसाद ने पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह चुनाव परिणाम रहस्यपूर्ण है। इस परिणाम का अंदाजा न तो पत्रकारों को था और न ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को। वह इस रहस्य का पता लगाकर इसका खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो फैसला दिया है उसे वह स्वीकार करते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के विकास एवं सम्मान के लिए वह लगातार काम करेंगे और एक दमदार विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने नीतीश कुमार को जीत की बधाई देते हुए कहा कि वह सरकार को शुभकामना देते हैं। लालू ने कहा कि वह इस हार से हतोत्साहित नहीं है। उन्होंने जीत दर्ज करने वाले लोगों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जीत से ज्यादा किलकारी नहीं करनी चाहिए। लालू ने हालांकि भाजपा को इस जीत पर बधाई नहीं दी दी। उन्होंने कहा कि वह साम्प्रदायिक ताकतों को बधाई नहीं देते।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाली सरकार जनता से किए अपने वादों को समय सीमा में पूरा करेगी। उन्होंने अपनी हार की समीक्षा करने की भी बात कही।
उधर, लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने भी चुनाव नतीजों पर हैरानी जताई। उन्होंने नीतीश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता उनके छल-प्रपंच में फंस गई। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके छल-प्रपंच को वह लोगों के बीच सही ढंग से रख नहीं पाए। पासवान ने कहा कि मतदाताओं ने उन्हें विपक्ष में बेठने का जनादेश दिया है और इसके लिए वह तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications