बिहार चुनाव : लोगों को नीतीश से काफी उम्मीदें
पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुनील कुमार कहते हैं कि चुनाव के बाद ही तय हो गया था कि नीतीश कुमार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने राज्य में जो अमन चैन और विधि व्यवस्था की स्थिति में सुधार किया है, उसे लोगों ने सराहा था। यही कारण है कि लोगों ने इस सरकार को एक बार फिर मौका दिया है।
इधर, पटना महिला महाविद्यालय की छात्रा संवेदना का कहना है कि शिक्षा के स्तर में सुधार तथा राज्य में विधि व्यवस्था की स्थिति में सुधार करने के कारण युवाओं की यह सरकार पहली पसंद बन गई है। उन्होंने हालांकि कहा कि राहुल गांधी युवाओं की पसंद जरूर हैं परंतु बिहार में क्या वह आकर सरकार चलाते।
पटना के कंकड़बाग निवासी एवं गृहिणी गीता देवी इस सरकार से महंगाई को लेकर नाखुश हैं। वह कहती हैं कि नीती सरकार बिहार में फिर अवश्य बन रही है परंतु यह सरकार महंगाई पर काबू पाने में पिछले वर्षो से असफल साबित हुई है। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें अब आशा है कि नीतीश महंगाई पर लगाम अवश्य लगाएंगे।
पटना सचिवालय में कार्यरत कैलाश सिंह का कहना है कि नीतीश को सड़क सहित अन्य कार्यो को लेकर अगले पांच वर्षो के लिए जनादेश दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह सरकार आगे भी आम लोगों की सरकार साबित होगी।
इधर, एक रिक्शा चालक का कहना है कि सरकार कोई आये या जाये परंतु उसे तो रिक्शा ही चलाना है। वह स्पष्ट कहता है कि सब सरकार अपने लोगों के लिए ही है। इधर, पटना विश्विद्यालय की प्रोफेसर भारती एस़ कुमार का कहना है कि आने वाली नई सरकार के सामने कई चुनौतियां भी होंगी। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर इस सरकार को फिर जनादेश मिला है और विकास को और गति देना इस सरकार की प्राथमिकता होगी। परंतु वह यह भी कहती हैं कि सरकार को ऐसा विकास करना भी कम बड़ी चुनौती नहीं होगी जिसे जनता पसंद करे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, बिजली और कृषि के क्षेत्र में सरकार को बहुत कुछ करना बाकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications