बिहार चुनाव : चिदम्बरम ने बिहार में विकास मॉडल की जीत का स्वागत किया
नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम ने बिहार में जनता दल (युनाइटेड)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन की चुनावी जीत के लिए बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी। चिदम्बरम ने कहा कि बिहार में विकास मॉडल की जीत हुई है।
चिदम्बरम ने संसद के बाहर संवाददाताओं को बताया, "बिहार में विकास का मुद्दा हावी रहा। हमें नीतीश कुमार और भाजपा को अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई देनी चाहिए। हम एक प्रगतिशील और आशावादी सरकार के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं देते हैं।"
चिदम्बरम की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब बिहार का सत्ताधारी गठबंधन अपनी सत्ता बरकरार रखने में लगभग सफल हो चुका है।
मतगणना के ताजा रुझानों में जद (यु) और भाजपा उम्मीदवार विपक्ष के सपनों को चकनाचूर करते हुए विजय की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications