हिमाचल पनबिजली परियोजना में रिकॉर्ड उत्पादन
शिमला, 24 नवंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की नाथपा-झाकरी पनबिजली परियोजना ने विद्युत उत्पादन के अपने तय लक्ष्य को हासिल कर लिया है जबकि खराब मौसम के कारण इसके संयंत्रों को 22 दिन के लिए बंद भी रखना पड़ा था। यह देश की सबसे बड़ी पनबिजली परियोजना है।
परियोजना का संचालन करने वाली कम्पनी सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) के उप महाप्रबंधक विजय वर्मा ने बुधवार को यहां आईएएनएस को बताया, "हमने बुधवार तक 601.6 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन किया है जबकि हमारा लक्ष्य 583.6 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन था।"
उन्होंने बताया कि जुलाई से अगस्त के बीच सतलुज नदी में गाद की मात्रा बढ़ने के कारण यह परियोजना 22 दिन के लिए बंद की गई थी।
यह परियोजना संयंत्र शिमला से 200 किलोमीटर दूर किन्नूर जिले में स्थापित है।
उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण नदी में गाद का स्तर बढ़ गया था लेकिन बेहतर जल एवं मशीनों के बेहतर प्रबंधन के कारण यह परियोजना अपना लक्ष्य हासिल कर सकी है।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय और एसजेवीएलएल के बीच समझौते के मुताबिक 12 दिसम्बर तक 600 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया था।
पिछले साल भी परियोजना में रिकॉर्ड बिजली उत्पादन हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications