जनरल मोटर्स का पुनरुत्थान बेलआउट की सफलता : ओबामा
अरूण कुमार
वाशिंगटन, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने जनरल मोटर्स के फिर से शुरू होने को पिछले वर्ष वित्तीय संकट से जूझ रहे देश के आटो उद्योग के बेलआउट किए जाने के अपने प्रशासन के विवादास्पद निर्णय की सफलता बताया है।
ऐसे समय में जब जनरल मोटर्स के दिवालियापन के बाद उसके शेयरों की बिक्री ने वालस्ट्रीट के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, तो ओबामा ने इंडियाना के कोकोमो में क्रिसलर के एक संयंत्र में आटो उद्योग से जुड़े श्रमिकों के एक समूह के बीच मंगलवार को कहा कि आटो उद्योग "वापस लौट रहा है, हम प्रगति पर हैं।"
ओबामा ने कहा कि जीएम की हिस्सेदारी की बिक्री और संयंत्र का फिर से शुरू होना इस बात को साबित करता है कि आटो उद्योग को बचाने के उनके निर्णय ने नौकरियां बचाई हैं और कोकोमो की आर्थिक स्थिति फिर से मजबूत हुई है।
ओबामा ने क्रिसलर के वाहनों के लिए कल-पुर्जे बनाने वाली कम्पनी, इंडियाना ट्रांसमिशन में कहा, "आपको स्मरण होगा कि लोग हमसे कहते थे कि कुछ भी न किया जाए। लेकिन हमने आटो उद्योग के पीछे खड़ा होने का निर्णय लिया। आज हमें पता चला है कि वह निर्णय सही था।"
यह रैली नवम्बर में हुए मध्यावधि चुनाव के बाद ओबामा की पहली रैली थी। मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन ने जीत दर्ज की थी।
ओबामा ने कहा कि क्रिसलर और जनरल मोटर्स ने कोकोमो में हजारों कर्मचारियों को नियुक्त कर रखा है। उन कर्मचारियों की नौकरियों का स्थानीय अर्थव्यवस्था पर काफी असर है। रेस्तरांओं, दुकानों और अन्य छोटे व्यापारों में नौकरियां सुरक्षित हुई हैं और वृद्धि को बढ़ावा मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications