विलियम के विवाह से अर्थव्यवस्था पर 6 अरब पाउंड का भार
लंदन, 24 नवंबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन के उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि राजकुमार विलियम और केट मिडिलटन के विवाह का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने जिस अतिरिक्त अवकाश की घोषणा की है, उसकी वजह से अर्थव्यवस्था पर छह अरब पाउंड का अतिरिक्त भार आएगा।
कैमरन ने कहा था कि 29 अप्रैल को विलियम के विवाह के समय देश में अतिरिक्त अवकाश होंगे।
वैसे 22 अप्रैल और दो मई के बीच ब्रिटेन में केवल तीन दिन ही काम होगा।
समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' के मुताबिक यहां कुछ घंटों के काम के बीच लगातार तीन सप्ताह की छुट्टियां हो जाएंगी, जिनकी शुरुआत 18 अप्रैल को 'होली वीक' से होगी। इस सप्ताह में केवल चार दिन ही काम होगा। दूसरा सप्ताह 25 अप्रैल से शुरू होगा, इसमें केवल तीन कामकाजी दिन होंगे। सोमवार को ईस्टर और विलियम के विवाह का दिन होगा। इसके बाद तीसरे सप्ताह में मई दिवस के कारण केवल चार कामकाजी दिन होंगे।
छोटे व्यापारों से जुड़े कर्मचारियों को डर है कि इससे उनकी बिक्री प्रभावित हो सकती है जबकि अन्य को चिंता है कि कुछ कम्पनियां 11 दिन के लिए बंद हो सकती हैं क्योंकि ज्यादातर कर्मचारी तीन-दिन के सप्ताह को वार्षिक अवकाश की तरह मानेंगे।
ब्रिटिश उद्योग संघ (सीबीआई) की गणना के मुताबिक इन छुट्टियों से कम उत्पादकता और अतिरिक्त समय काम कराने के लिए भुगतान करने की वजह से अर्थव्यवस्था पर छह अरब पाउंड का भार आ सकता है।
वैसे कुछ लोगों का मानना है कि इन छुट्टियों से पर्यटन राजस्व में अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications