रोसैया का इस्तीफा, दिया सेहत का हवाला (लीड-2)
रोसैया ने बुधवार को इस्तीफे का ऐलान करने के कुछ ही देर बाद राजभवन पहुंचकर राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव के साथ स्वीकार किया जाए। रोसैया 78 साल के हैं।
कांग्रेस विधायक दल बुधवार शाम बैठक में नए नेता का चुनाव करेगा। इस बैठक में केंद्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली भी मौजूद रहेंगे जो पार्टी के प्रदेश प्रभारी भी हैं। रोसैया ने मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी।
यह इस्तीफा उस समय आया है जब कांग्रेस की राज्य इकाई का एक धड़ा पार्टी के सांसद जगनमोहन रेड्डी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। जगमोहन के टेलीविजन चैनल 'साक्षी' ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ एक कार्यक्रम प्रसारित किया था।
रोसैया ने संवाददाताओं से कहा, "मेरे इस्तीफे की कोई विशेष वजह नहीं है। अपनी उम्र की वजह से मैं अब इस जिम्मेदारी को संभालने की स्थिति में नहीं हूं। इसलिए मैंने पार्टी आलाकमान से इस्तीफे की इजाजत मांगी थी और आखिरकार मुझे इसकी स्वीकृति मिल गई। मैं आलाकमान खासकर सोनिया गांधी का आभारी हूं।"
रोसैया बीते 14 महीने से मुख्यमंत्री पद पर आसीन थे। उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यकाल से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications