बिहार चुनाव (प्रतिक्रिया) : सभी ने कहा, विकास की हुई जीत (लीड-1)

कुल 243 सदस्यीय राज्य विधानसभा में जनता दल (युनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन को 200 के करीब सीटें मिलने की संभावना है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और उनके सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को केवल 32 सीटें मिलने की संभावना दिख रही है।

इसे अपेक्षा से बेहतर करार देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि इन परिणामों से साबित हुआ है कि 21वीं सदी में भारत की राजनीति विकास की राजनीति होगी, जातिवाद की नहीं।

गडकरी ने कहा कि राजग गठबंधन को मिली इस अभूतपूर्व सफलता से देश राजनीति की दिशा तय होगी। उन्होंने कहा कि राजग को कार्यकर्ताओं की एकजुटता के चलते यह सफलता मिली है।

जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने भी राजग को मिली सफलता को विकास का परिणाम करार देते हुए कहा कि बिहार की जीत जनता की जीत है। राजग गठबंधन की सरकार का नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे थे इसलिए जीत का सबसे ज्यादा श्रेय उन्हीं को जाता है।

शरद यादव ने एक सवाल पर कहा कि लालू प्रसाद मंडल की राजनीति को ठीक तरह से नहीं समझते हैं। प्रदेश में राजग सरकार ने राम मनोहर लोहिया की सामाजिक विषमता के साथ आर्थिक विषमता दूर करने की सोच के तहत काम किया जबकि लालू इस तरह की राजनीति को नहीं समझते हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने कांग्रेस और विपक्ष के अन्य नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि इन परिणामों से साबित हुआ है कि अब क्षमतावान नेताओं की जीत होगी, परिवारवादियों की नहीं।

जेटली ने कहा कि पिछले पांच साल में जिस तरह से राजग सरकार ने कामकाज किया उससे बिहार की जनता में उम्मीद पैदा हुई है। पहले जहां डर और निराशा के बीच मतदान होता था वहीं इस चुनाव में उम्मीद और आशा के चलते मतदान हुआ है। राजग सरकार ने बिहार में बड़ा परिवर्तन किया है।

जेटली ने कहा कि विरोधी दल बिहार की जनता की उम्मीदों को समझ नहीं पाए। एक ओर जहां 40-40 साल से जनता के लिए संघर्ष करने वाले नेता थे वहीं दूसरी ओर पारिवारिक ग्लैमर का प्रदर्शन करने वाले दल थे। बिहार की जनता ने साबित कर दिया कि क्षमतावान नेताओं की जीत होगी, परिवारवादियों की नहीं।

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे विकास की जीत करार देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी। मोदी ने अहमदाबाद में कहा, "यह जीत विकास की जीत है। यह विकास की सोच रखने वालों की जीत है। मैं इस बड़ी जीत के लिए नीतीश कुमार और सुशील मोदी को बधाई देता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि बिहार पूरे देश के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा। "

नीतीश कुमार की इस जीत पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम ने भी बधाई दी है। सोनिया ने साथ ही बिहार में कांग्रेस को नए सिरे से शुरुआत करने की जरूरत बताई।

इस बारे में चिदम्बरम ने कहा कि बिहार में जद (यु)-भाजपा गठबंधन की जीत प्रदेश में विकास मॉडल की जीत है।

चिदम्बरम ने संसद के बाहर संवाददाताओं को बताया, "बिहार में विकास का मुद्दा हावी रहा। हमें नीतीश कुमार और भाजपा को अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई देनी चाहिए। हम एक प्रगतिशील और आशावादी सरकार के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं देते हैं।"

उधर, राज्य में करारी हार झेल रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि इस हार से पार्टी निराश हैं लेकिन राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और हम एक रचनात्मक और संघर्षात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

प्रसाद ने कहा कि हम गरीबों के हितों की लड़ाई जारी रखेंगे और विपक्ष के तौर पर अपनी रचनात्मक भूमिका का निर्वाह करेंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+