कांग्रेस ने भ्रष्टाचार पर त्वरित कार्रवाई की : सोनिया (लीड-1)
सोनिया ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा, "प्रधानमंत्री जैसे निष्ठावान व्यक्ति को इस तरह निशाना बनाया जाना शर्मनाक है।" उन्होंने कहा कि हर कोई जानता है कि वह किस तरह के इंसान हैं।
उन्होंने कहा कि इसी तरह 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले भी विपक्ष ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की छवि खराब करने की कोशिश की थी।
"आप सभी जानते हैं कि 2009 में किस तरह उनकी छवि खराब करने की कोशिशें की गईं थीं, तब उनकी हार हुई थी, प्रधानमंत्री की जीत हुई थी। इस बात से उन्हें सीख लेनी चाहिए।"
सोनिया ने कहा कि चाहे बोफोर्स मामला हो या पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर या महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण पर लगे आरोपों का, कांग्रेस ने सभी मामलों में तेजी से कार्रवाई की है। सोनिया ने कहा कि विपक्षी दलों से ज्यादा जनता इस बात को महसूस कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुप्पा से इस्तीफा नहीं लिए जाने के सवाल पर सोनिया ने कहा, "जहां तक कांग्रेस का सवाल है हमने बोफोर्स से लेकर भ्रष्टाचार के सभी मामलों में कार्रवाई की है।"
सोनिया ने कहा कि पार्टी ने तत्कालीन विदेश मंत्री थरूर को इस्तीफा देने के लिए कहा और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का दौरा खत्म होते ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण का इस्तीफा मंजूर किया।
"इसलिए मेरा मानना है कि हमें अपने तंत्र की शर्मनाक बीमारी भ्रष्टाचार का मुकाबला करने की जरूरत है और कार्रवाई करते हुए हम इससे लड़ने के लिए रास्ते तलाश रहे हैं और सक्षम तंत्र स्थापित कर रहे हैं।"
साथ ही बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में कांग्रेस को नए सिरे से शुरुआत करनी होगी।
इंडो-एशियन न्यजू सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications