बिहार में विकास जीत गया : नीतीश
पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में नीतीश ने कहा, "यह बिहार के लोगों की जीत है। इसे मैं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत के रूप में नहीं देखता हूं।"
उन्होंने कहा, "बिहार के लोगों के समक्ष एक प्रश्न था कि वे आगे बढ़ेंगे या फिर अंधकार युग की ओर लौटेंगे। बिहार के लोगों ने आगे बढ़ने का फैसला किया है। इसलिए यह उनकी जीत है।"
नीतीश ने कहा, "इस मौके पर मैं प्रदेश की जनता को एक ही वचन देना चाहूंगा और वह यह है कि जिस प्रकार हमने पिछले पांच सालों में मेहनत की, आने वाले दिनों में हम उससे भी ज्यादा मेहनत करेंगे। मेहनत से पीछे नहीं हटेंगे। बीच-बीच में प्रकृति भी इम्तहान लेती रहती है लेकिन हम इससे विचलित नहीं होंगे।"
उन्होंने कहा, "चुनाव में विकास जीत गया है। स्पष्ट है कि बिहार की जनता बिहार को तरक्की के रास्ते पर देखना चाहती है। लोगों ने मतदान में जो उत्साह दिखाया, युवाओं और खासकर महिलाओं ने जिस प्रकार आगे बढ़कर मतदान में हिस्सा लिया, इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।"
अब तक जो परिणाम आए हैं और जो रूझान दिख रहे हैं उससे स्पष्ट है कि बिहार में अगली सरकार भी राजग की ही बनने वाली है। राजग तीन चौथाई बहुमत की ओर बढ़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications