छत्तीसगढ़ में 9 नक्सली मारे गए, 2 जवान भी शहीद (लीड-2)
यहां से 500 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा जिले के जगरगुंडा इलाके में सीआरपीएफ की 111वीं बटालियन के जवानों ने 150 से ज्यादा सशस्त्र नक्सलियों के साथ बहादुरी से लड़ाई की।
कुछ घंटे बाद पड़ोसी बीजापुर जिले के वन्य क्षेत्र इलाके में नक्सलियों ने सीआरपीएफ के वाहन को विस्फोट से उड़ा दिया। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए। घटनास्थल पर अतिरिक्त जवानों को भेजा गया है।
नाम उजागर न करने पर दंतेवाड़ा में तैनात सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तड़के गश्ती कर रहे अर्धसैनिक बल के जवानों की एक मजबूत टुकड़ी पर नक्सलियों के गोली चलाने के बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई।
उन्होंने बताया, "इस बार हमने उन्हें चकित कर दिया। जवानों ने नक्सलियों के दल पर करीब एक घंटे तक भारी गोलीबारी की। हमने उनमें से नौ को सफलतापूर्वक मार गिराया। मुझे लगता है कि अन्य नक्सलियों को भी गोली लगी होगी और हो सकता है वे जंगल के अंदर चले गए हों।"
दंतेवाड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.आर.पी. कल्लूरी ने आईएएनएस को बताया, "यह हमारे लिए एक बड़ी सफलता है। सीआरपीएफ की 111वीं बटालियन के जवानों ने 150 से ज्यादा सशस्त्र नक्सलियों के साथ बहादुरी से लड़ाई की। हमने मारे गए सभी नौ नक्सलियों के शव उनके हथियारों के साथ बरामद किया है। "
सीआरपीएफ ने घटनास्थल से भारी संख्या में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications