बिहार में दहाई का आकंड़ा भी नहीं छू पाएगी कांग्रेस : शाहनवाज
लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में शाहनवाज ने कहा, "बिहार में भाजपा और जनता दल (युनाइटेड) गठबंधन शानदार जीत के साथ बहुमत से वापसी करेगा जबकि कांग्रेस 10 सीटों का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। सोनिया और राहुल गांधी ने इस चुनाव में बिहार में काफी समय दिया। दोनों ने समूचे प्रदेश में घूम-घूमकर रैलियां की थी।"
हुसैन ने कहा, "यह हमारे लिए ऐतिहासिक जीत होगी। इस जीत के साथ राजग की हवा बनेगी। हमें पूरा भरोसा है कि बिहार के बाद हम 2014 में लोक सभा चुनाव जीतकर केंद्र में सरकार बनाएंगे।"
बिहार में प्रमुख विरोधी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साधते हुए शाहनवाज ने कहा लालू यादव का मुसलमान और यादव समीकरण पूरी तरह से बिखर गया है। अब तक वह लोगों को डरा धमकाकर वोट लेते थे लेकिन इस चुनाव में ऐसा नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा, "हमने बिहार में विकास का एक मॉडल तैयार किया जिसके आधार पर हर वर्ग के लोगों ने हमें वोट दिए।"
इस दौरान शहनवाज के साथ मौजूद पार्टी के दूसरे राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि 2 जी स्पेक्च्रम घोटाले पर विपक्ष की संयुक्त संसदीय समिति की मांग पर प्रधानमंत्री जल्द फैसला लेकर देश के सामने अपना और अपनी पार्टी का रुख साफ करें।
रूडी ने जोर दिया कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने से नहीं चूकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications