पाकिस्तान में पिता पर बेटियां बेचने का आरोप
ताजुल खातून तूनियो ने दावा किया है कि उनके पति धानि बख्श खासखेली ने अपने जुए के जुनून को पूरा करने के लिए अपनी चार बेटियों को बेच दिया है।
उन्होंने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि उनके पति ने 10 वर्षीय रूबिना को 30,000 रुपये, आठ वर्षीय शबाना को 32,000 रुपये, छह वर्षीय कंवल को 40,000 रुपये और पांच वर्षीय रशिदा को 55,000 रुपये में बेचा है। ताजुल का पति नशा भी करता है।
समाचार पत्र 'डान' के मुताबिक रूबिना और शबाना को करीब दो साल पहले बेचा गया था जबकि कंवल और रशिदा को एक साल पहले ही बेचा गया।
अपने पति से तलाक की मांग कर रही ताजुल ने दावा किया है कि 17 नवंबर को उसका पति खरीददारों के साथ घर में घुसा और उसने लड़कियों को उनके हवाले कर देने के लिए कहा।
जब ताजुल ने ऐसा करने से इंकार कर दिया तो वहां उनमें झगड़ा हो गया, जिसमें उसके पिता हबीबुल्लाह और नजदीकी रिश्तेदार रहमतुल्लाह, मुहम्मद अली, दीदार अली और मुहम्मद जुमन घायल हो गए।
वैसे पुलिस अधिकारी वराह खान तूनियो का कहना है कि यह जुए का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि यह घरेलू विवाद का मामला है और घर के अंदर हुए एक संघर्ष में पांच लोग घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications