कश्मीरी आतंकियों के लिए पुनर्वास नीति राष्ट्रविरोधी : भाजपा
आतंकियों को माफी देने और उनकी वापसी सुनिश्चित कराने तथा उन्हें वित्तीय सहायता देने के लिए सरकार द्वारा एक पुनर्वास नीति को मंजूरी दिए जाने पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए भाजपा विधायक दल के नेता चमन लाल गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, "यह एक राष्ट्रविरोधी कानून है, और हम इसका हर स्तर पर विरोध करेंगे।"
गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी इस नीति का विरोध करने के लिए एक रणनीति तैयार करेगी।
गुप्ता ने कहा, "हम उन आतंकियों के पुनर्वास और उन्हें धन मुहैया कराने वाली किसी नीति को भला कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं, जो भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर चले गए हों।"
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष शमशेर सिंह मन्हास ने कहा कि एक के बाद दूसरा राष्ट्र विरोधी काम करना राज्य सरकार की आदत बन गई है।
मन्हास ने कहा, "पहले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भारत के साथ राज्य के विलय को चुनौती दी थी और अब उनकी सरकार सीमा पार से सभी आतंकियों को वापस बुलाने पर तुली हुई है।"
ज्ञात हो कि जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने सोमवार को उन आतंकियों के लिए एक पुनर्वास नीति को मंजूरी दी, जो हथियारों का प्रशिक्षण हासिल करने के लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर चले गए थे, लेकिन वे अब घर लौटना चाहते हैं।
नीति के अनुसार वापसी की इच्छा रखने वाला कोई भी आतंकी अपने परिवार या अपने रिश्तेदारों को अपने इरादे से अवगत करा सकता है।
एक मंत्री ने हालांकि नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा कि यह प्रक्रिया आसान नहीं होगी और वापसी चाहने वालों को कई तरह की छानबीन से गुजरना पड़ेगा, और उसके बाद ही उन्हें लौटने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
छानबीन की प्रक्रिया में गृह मंत्रालय और खुफिया एजेंसियां भी शामिल होंगी।
इंडो-एशिय न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications